
Deoghar: गुरुवार को मधुपुर के लालगढ़ में हुए मंदिर विवाद के बाद इलाके में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा कैंप किया जा रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की सयुंक्त अध्यक्षता में शनिवार को मधुपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान लालगढ के दोनों समुदायों के लोगों ने अपनी बातों को उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा।

इसके अलावा उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रशासन गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। फिर भी, अगर किसी को कोई परेशानी है तो वो सीधा संपर्क उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से कर सकता है।

आगे उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से दूर रहे व शांति बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। इसके अतिरिक्त आज दोनों समुदायों के लोगों ने बहुत ही सरल तरीके से अपनी बातों को रखा। प्रशासन के साथ-साथ सिविल सोसायटी और आप सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि मधुपुर में अमन चैन बरकरार रहे।
आगे उपायुक्त ने कहा कि देश का नागरिक होने के नाते हम सभी की जिम्मेदारी व जवाबदेही बनती है कि नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने युवा वर्ग से विशेष रूप से सोशल मीडिया का सही और सकारात्मक तरीके से इस्तेमाल करते हुए अपने भविष्य पर ध्यान देने की बात कही। आगे उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और दोनों समुदायों के स्थानीय लोगों को आपस मे मिलजुल कर बैठक करने की बात कही, ताकि अफवाहों को रोका जा सके और शांति बहाल की जा सके।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक सौरभ ने कहा कि लालगढ में रहने वाले सभी लोग एक परिवार की तरह है। इसे समझने की आवश्यकता है, ताकि सौहाद्र बना रहे। साथ ही जो दोषी है या माहौल खराब करने का प्रयास किया तो कड़ी से कड़ी करवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक या झूठी खबर पोस्ट या शेयर करने वालों को चिन्हित करते हुए उनपर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही हैं।
उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार डीजे का उपयोग पर पूर्णतः रोक है और आप सभी से भी आग्रह है पर्व त्यौहार के दौरान डीजे का उपयोग न करे, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ एफआईआर की जाएगी।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मधुपुर, अंचलाधिकारी मधुपुर एवं संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।



