
Deoghar : देवघर जिले में सक्रिय साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ देवघर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पीएस किसान योजना का लाभ दिलाने वाले तीन साइबर ठगी के आरोपितों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पकड़े गए आरोपितों में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के सुग्गीबाद गांव निवासी शंभू कुमार रवानी, जिले के चितरा थाना क्षेत्र के दुमदुमी गांव निवासी बबलू दास और जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के ढोहवारी गांव निवासी संगीत कुमार शामिल हैं।

इनके पास से तीन मोबाइल फोन व चार सिम कार्ड बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपितों में से संगीत कुमार के खिलाफ पहले भी 2021 में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज की गयी थी।
आरोपितों को जिले के सारवां थाना क्षेत्र के रामरायडीह जंगल से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि वे लोग पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, उपकरण व अन्य लाभ दिलाने के नाम पर कृषि विभाग का अधिकारी बनकर काल करते हैं। लोगों को झांसा में लेकर उन्हें लिंक भेजते हैं।
लिंक भेजकर उन्हें ठगी का शिकार बना लेते हैं। इसके अलावा फर्जी फोन पे और पे टीएम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैश बैक का झांसा देकर ठगी का किशोर बनाते थे।
छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस इंस्पेक्टर सहदेव प्रसाद, एसआइ खुर्शीद आलम शामिल थे। पूछताछ करने के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि जनवरी से अब तक देवघर जिले में सक्रिय 673 साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से 830 मोबाइल फोन, 1064 सिम कार्ड बरामद किया गया है। वहीं इन आरोपितों के पास से 247 प्रतिबिंब एप पर अपलोड सिम बरामद हुआ है।


