
Jamshedpur : झारखंड की जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी सौरभ शर्मा उर्फ रिंकू सेठ को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।

लंबे समय से फरार चल रहे सौरभ पर कई गंभीर मामलों में आरोप हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। अब पुलिस ने मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे को मिली गुप्त सूचना पर हुई है। सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने 19 अक्टूबर को जयपुर के शाहपुरा थाना क्षेत्र के हरदासवाली, अमरपुरा रोड से सौरभ शर्मा को दबोच लिया। यह गिरफ्तारी लंबे समय से चली आ रही जांच और प्रयासों का नतीजा है।
पुलिस ने बताया कि सौरभ शर्मा पर 1 फरवरी 2024 को सीतारामडेरा में हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है। उस घटना में टकलू लोहार की मौत हुई थी और बानेश्वर नामता उर्फ मानस गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में पहले ही आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन सौरभ तब से फरार था।
फरारी के दौरान उसने मानगो पोस्ट ऑफिस रोड पर राजा सिंह की हत्या और बोड़ाम में आशुतोष ओझा उर्फ अंशु पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
उसके खिलाफ दर्ज मामले बताते हैं कि वह जमशेदपुर के कुख्यात अमरनाथ गिरोह का अहम सदस्य था, जो अवैध वसूली, धमकाने और दहशत फैलाने का काम करता था।
पुलिस ने बताया कि सौरभ गिरोह को फिर से सक्रिय करने की योजना बना रहा था, जिससे शहर में अपराध और बढ़ सकता था। उसकी गिरफ्तारी से स्थानीय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपराध के खिलाफ सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। (IANS)


