नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद अनुराग सिंह ठाकुर (Anurag Singh Thakur) ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली और उन्हें युवा मामले और खेल मंत्रालय का विभाग दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रभार भी दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से 46 वर्षीय सांसद उन 15 नए कैबिनेट मंत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने मई 2019 में दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के पहले बड़े फेरबदल और विस्तार में शपथ ली। उनके पास खेल मंत्रालय की कमान टोक्यो ओलंपिक से महज 15 दिन पहले आई है और ठाकुर अब किरण रिजिजू के काम को आगे बढ़ाना चाहेंगे। रिजिजू, जिनके पास पहले खेल मंत्रालय था, को अब कानून और न्याय मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।
ठाकुर पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष थे और उन्होंने मई 2016 से फरवरी 2017 तक इस पद पर कार्य किया था। इससे पहले, वह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के प्रमुख भी थे।
रिजिजू ने भी स्पष्ट किया है और लक्ष्य के लिए काम किया है कि भारत ओलंपिक में दोहरे अंकों में पदक जीते। वह सक्रिय रूप से टोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले दल को प्रोत्साहित कर रहे हैं। एथलीटों द्वारा ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के बाद, रिजिजू उन्हें बधाई देने वाले पहले व्यक्ति रहे हैं। कई एथलीटों ने विभिन्न कारणों से सोशल मीडिया पर रिजिजू की मदद मांगी है और मंत्री ने उनके अनुरोध को कभी अस्वीकार नहीं किया है।
23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक में, भारत की तरफ से 126 एथलीट और 75 अधिकारी शामिल होंगे। कुल 201 सदस्यों का दल ओलंपिक में हिस्सा लेगा।