
Deoghar News : देवघर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक 50 वर्षीय राजेश शर्मा देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के डहुआ गांव का रहने वाला था।

वह अपनी छोटी बेटी नैना का तिलक चढ़ाने के लिए गोड्डा जा रहा था। इस दौरान दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में हाइवा ने मार दिया धक्का। टक्कर मारने के बाद हाइवा उसे दो किमी तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया।

उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में जांच के बाद डाक्टर ने किया मृत घोषित।
घटना के संबंध में बताया गया कि छोटी बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए राजेश व अन्य लोग मोहनपुर से गोड्डा की ओर जा रहा था। वह बाइक पर सवार था। वहीं तिलक का सामान आटो पर लदा हुआ था।
सरैयाहाट थाना क्षेत्र में उसने सामान को देखने के लिए आटो को रोका। आटो सड़क के दूसरी ओर खड़ा था और वह खुद बाइक से सड़क के एक छोर पर उतरा। बाइक को खड़ा कर वह सड़क पार कर रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में राजेश हाइवा में फंस गया।
हादसे के बाद भागने के प्रयास में हाइवा राजेश को करीब दो किमी तक घसीटते हुए ले गया। उसके बाद अन्य लोग वहां पहुंचे। हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
घायल राजेश को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल में जांच करने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक बढ़ई का काम करता था। उसकी दो अन्य बेटी नेहा व निशा की पहले शादी हो चुकी है। छोटी बेटी की शादी होनी थी। मृतक का एक दस वर्ष का बेटा भी है।
उसकी कमाई पर ही पूरे घर का खर्च निर्भर करता था। ऐसे में हादसे में उसकी मौत हो जाने से पूरे परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।
वहीं हादसे के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


