
Deoghar News : अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए। जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खोनीपानन-देवीपुर सड़क मार्ग पर घाघी जगमनिया गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

मृतक 18 वर्षीय अशोक पुजहर उर्फ छोटू पुजहर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के सोनवा गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में बताया गया कि वह अपनी मां को बहन के यहां पहुंचाने के लिए बाइक से गया था।

वहां से लौटने के क्रम में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के किनारे खेत में जा गिरा। बाइक उसके उपर गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं एक अन्य हादसे में बाइक से गिरकर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बगीचा गांव निवासी प्रवीण पासवान व मिथलेश पासवान घायल हो गए हैं।
घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इस दौरान हुए सड़क हादसे में वे बाइक से गिरकर घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गय है।



