
Deoghar News : कभी-कभी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है, और ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा बिहार के बांका जिले में देखने को मिला।

चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह गांव में एक मासूम की जान टोटो (ई-रिक्शा) की चपेट में आकर चली गई। हादसा रविवार की शाम को उस वक्त हुआ जब छह वर्षीय बच्चा रियांश खेल-खेल में टोटो पर चढ़ गया और अनजाने में एक्सीलेटर दबा दिया।

इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। मृतक बच्चे की पहचान रियांश कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत रिखिया थाना क्षेत्र के रदीया गांव निवासी पंकज कुमार का पुत्र था।
दुर्गा पूजा के अवसर पर रियांश अपनी मां के साथ ननिहाल नवाडीह आया हुआ था। बताया जा रहा है कि ननिहाल में एक टोटो था जो चार्ज में लगा हुआ था। बच्चे को शायद यह नहीं पता था कि टोटो चार्ज के बावजूद चालू हो सकता है।
खेलते-खेलते रियांश टोटो पर चढ़ गया और गलती से एक्सीलेटर दबा बैठा, जिससे टोटो अचानक चल पड़ा और सीधे सामने की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैलेंस बिगड़ने के कारण टोटो पलट गया और रियांश उसके नीचे आ गया।
हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजनों और ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी मिली, तो तत्काल उसे इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले जाया गया।
लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।
यह घटना स्पष्ट रूप से दिखाती है कि इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे टोटो को सुरक्षित तरीके से रखना और बच्चों से दूर रखना कितना जरूरी है। यदि चार्जिंग के समय वाहन की सुरक्षा को लेकर थोड़ी सतर्कता बरती जाती, तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह के हादसों से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में कोई और परिवार ऐसी पीड़ा का शिकार न बने।



