
Deoghar: सोमवार की दोपहर को हावड़ा नई दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर आसनसोल डिवीजन के जामताड़ा-विद्यासागर स्टेशन के बीच एक बड़ा हादसा टला। दिन में करीब 12:30 बजे अचानक 8184 बक्सर टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि ट्रेन के ब्रेक बाइंडिंग में अचानक आग लग गई और काफी धुआं निकलने लगा। ट्रेन के कोच संख्या डी-5 से अचानक यात्रियों ने काफी धुआं निकलते हुए देखा और उसके बाद वे लोग जोर-जोर से शोर मचाने लगे। सूचना मिलते ही ट्रेन के चालक में आपातकालीन ब्रेक लगाया और ट्रेन को तत्काल रोक दिया। उसके बाद जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया।

हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। काफी यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। वहीं रेलवे आग लगने के कारण का पता लगाने में जुट गए हैं।
ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि समय रहते अगर चालक ने ट्रेन को नहीं रोकता और आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रेन के चालक की सूझबूझ से ट्रेन द बर्निंग ट्रेन बनने से बच गई।


