
Deoghar: काम करने के क्रम में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक राज मिस्त्री की इलाज के दौरान देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गई।

मृतक का नाम 40 वर्षीय किशन दास है। वह बांका जिला के कटोरिया प्रखंड के आनंदपुर थाना क्षेत्र के कुसुमजोरी गांव का रहने वाला है। मृतक को दो बेटी और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। मृतक राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था।

घटना की जानकारी मिलते ही देवघर जिला राजद नेता प्रमोद कुमार यादव, पूर्व मुखिया अशोक यादव शोक संतप्त परिजनों को समझाने सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को किशन दास राजमिस्त्री का काम कर रहा था उसी दौरान छत से अचानक गिर पड़ा। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


