
Deoghar: फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर गिरोह के सात साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सभी साइबर ठगों की गिरफ्तारी सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरननीडीह स्थित जंगल के समीप से की गई है।

गिरफ्तार होने वाले साइबर ठगों में सारठ थाना क्षेत्र के सुखजोरा गांव निवासी बलभद्र कुमार यादव व उपेंद्र कुमार यादव, सारवां थाना क्षेत्र के उपरबहियारी गांव निवासी आशिक अंसारी, शादाब अंसारी व सोहेल अंसारी, सारठ थाना क्षेत्र के नयाखरना गांव निवासी सुमन महरा, पाथरोल थाना क्षेत्र के पाथरोल गांव निवासी उत्तम कुमार दास उर्फ चीकू शामिल है।

इन गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से 11 मोबाइल फोन व 10 सिम कार्ड बरामद किया गया है। बताया जाता है कि साइबर ठगों द्वारा लोगों को विभिन्न तरह से झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने साइबर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसपी के निर्देश पर साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक हरदियुस टोप्पो, पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात कुमार, सारठ थाना प्रभारी सहित जवानों की टीम ने सारठ थाना क्षेत्र स्थित पुरनीकरहिया स्थित जंगल में छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में इन सभी साइबर ठगों को धर-दबोचा गया। इसके बाद सभी को थाना लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में सभी ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


