
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाऊन स्थित साईं राम हॉस्पिटल में एक प्रसूति की मौत के बाद हंगामा बरपा। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत अस्पताल के चिकित्सक की लापरवाही की वजह से हुई है।

मृतक रवीना ठाकुर के पति ने बताया कि रवीना गर्भवती थी जिसका इलाज साईं राम हॉस्पिटल से ही चल रहा था। सारे रिपोर्ट नॉर्मल थे। चिकित्सक द्वारा रविवार को भर्ती करने के लिए बोला गया था। शाम में भर्ती किया गया। रात करीब 11 बजे नॉर्मल डिलीवरी हुई। डॉक्टर ने कहा कि सबकुछ ठीक है। बाद में एक घंटे बाद कहा गया कि महिला को खून की कमी हो गई है।

पति ने बताया कि डॉक्टर के कहने पर 4 यूनिट खून का इंतजाम कर बल्ड चढ़ाया गया। लेकिन देर रात कहा गया कि रवीना की हालत खराब हो गई है। उसे आईसीयू में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना होगा।
आरोप है कि इस बीच चिकित्सक और सभी नर्सिंग स्टाफ फरार हो गए।
परिजन महिला को दूसरे निजी अस्पताल और सदर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की है।
इधर, अस्पताल में चिकित्सक और कर्मचारी के मौजूद नहीं रहने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।


