
Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी गांव में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक युवक की जान ले ली। 20 वर्षीय युवक मोहित यादव ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली।

परिजनों के अनुसार मोहित ऑनलाइन गेमिंग में काफी रुचि रखता था। इसी को लेकर वह लंबे समय से मानसिक दबाव में चल रहा था। बीती रात उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। मोहित की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने बिना देर किए उसे सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जहर की मात्रा अधिक होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार युवक की स्थिति बेहद गंभीर थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। मोहित के पिता पेशे से ट्रक चालक हैं और अधिकतर बाहर रहते हैं।
मृतक के चचेरे भाई दीपक कुमार यादव ने बताया कि मोहित ऑनलाइन गेमिंग को लेकर वह अक्सर तनाव में रहता था।
इधर, सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


