Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सलौनाटांड़, दुर्गा मंदिर के आगे स्थित एक बंद घर का गेट का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर गृहस्वामी राजेंद्र यादव ने नगर थाना में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित के अनुसार, बजरंगबली अखाड़ा के समीप उनका होटल का व्यवसाय है। 24 सितंबर को वह अपने घर में ताला बंद कर होटल चले गए थे। देर रात करीब 12 बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ पाया।

घर के अंदर जाने पर कमरे में रखे सामान को देखने के बाद चोरी की जानकारी हुई। शिकायत के अनुसार, चोरों ने कमरे में रखे 30 हजार रुपये नकद के अलावा करीब चार लाख 50 हजार रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में एक भर का सोने का चेन, सोने का कान का झुमका, सोने की अंगूठी, 400 ग्राम वजन का चांदी का सिक्का और चांदी का पायल शामिल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत नगर थाना पुलिस से की। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और अज्ञात चोरों का पता लगाने में जुटी है।



