Deoghar News : लंदन के फेल्थम इलाके में रह रहे देवघर के नगर थाना क्षेत्र के कास्टर्स टाउन निवासी कुंदन राव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुंदन राव लंदन के 13-लांसिंग रोड, एफडब्ल्यू फेल्थम, डीडब्ल्यू-13 4-एलएन स्थित आवास में रह रहे थे।

उनके बड़े भाई चंदन राव ने बताया कि घटना की जानकारी उनकी पत्नी ने रात करीब 12 बजे फोन कर दी। मौत के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। चंदन राव के अनुसार, कुंदन राव करीब 20 वर्ष पहले रोजगार या अन्य सिलसिले में लंदन गए थे। वर्तमान में वह लंदन में कस्टम विभाग में काम करते थे।

उन्होंने लंदन की स्थानीय निवासी सारा राव से विवाह किया था। घटना से एक दिन पहले दोपहर करीब 12 बजे कुंदन राव की बात उनकी बहन कंचन देवी और बहनोई अशोक कुमार रावत से हुई थी। इसके बाद उसी रात करीब 12 बजे उनकी पत्नी ने फोन कर कुंदन की मौत की सूचना दी। अचानक मिली इस सूचना से देवघर स्थित परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद लंदन की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मौत के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
मृतक के बड़े भाई चंदन राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मौत के कारण के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस परिस्थिति में मौत की सूचना मिली है, उससे हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। वहां की प्रक्रिया में कितना समय लगेगा, इसके बारे में फिलहाल यहां से कुछ स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता।
सांसद से लगाई गुहार, मदद का मिला आश्वासन
चंदन राव ने बताया कि कुंदन राव के शव को देवघर लाने के लिए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को पूरे मामले की जानकारी दी गई है। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मदद करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने शव को देवघर लाने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के लिए तमाम पहलुओं पर पहल करने का भरोसा दिलाया है। चंदन राव ने सरकार और प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।



