
Deoghar: देवघर जिले के बुढ़ई थाना इलाके के भिखरीबाद झिकटी गांव के पास बुधवार की रात को कार व बाइक के बीच हुए टक्कर में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई।

घटना के बारे में बताया जाता है कि जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के नोनियाद लालपुर गांव निवासी 19 वर्षीय हेमलाल मुर्मू और उसकी रिश्तेदार गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चौबे मधुपुर गांव निवासी 21 वर्षीय गुड्डी टुडू एक शादी समारोह में शामिल होने के लिये बुढ़ई थाना क्षेत्र के बलपहड़ी गांव गया था। शादी समारोह से जब वह दोनों वापस नोनियाद लालपुर आ रहे थे उसी क्रम में भिरखीबाद मोड़ से आगे झिकटी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद काफी संख्या में आसपास के लोग वहां जमा हो गए। उपस्थित लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही बुढ़ई थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। वहीं घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। इलाज के क्रम में देर रात को सदर अस्पताल में दोनों की मौत हो गई।

गुड्डी उसके भाई की पत्नी की छोटी बहन थी। मृतक हेमलाल की शादी शुक्रवार को होने वाला था।
मृतक हेमलाल मुर्मू की मां सिमोती टुडू ने बताया कि शुक्रवार को उसके बेटे की शादी होने वाली थी। गुरुवार को मड़वा का कार्यक्रम था। शादी की सारी तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी थी। रिश्तेदार भी उनके घर पहुंचने लगे थे। इसी दौरान वह एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार की रात जिले के बुढ़ई थाना क्षेत्र के बेलपहरी गांव गया था। वहां से देर रात को अपने भाभी की छोटी बहन गुड्डी के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने कार व बाइक को जब्त कर लिया।है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।


