
Deoghar: पीएम किसान योजना, फोन-पे गिफ्ट कार्ड, कैश बैक व विभिन्न कंपनियों का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसा देकर का ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर गिरोह के सात सदस्यों को साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इन सभी साइबर ठगों की गिरफ्तारी कुंडा थाना क्षेत्र स्थित चित्तोलोढ़िया गांव के समीप जंगल-झाड़ के पास से की गई है।

गिरफ्तार होने वाले साइबर ठगों में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी सब्बीर अंसारी व अब्दुल हकीम , धनबाद जिला के भूली थाना क्षेत्र निवासी शुभम कुमार शर्मा, पालोजोरी थाना क्षेत्र के पथरझाटिया गांव निवासी मंसूर अंसारी, खागा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी बार अंसारी व जसीडीह थाना क्षेत्र के मसनजोरा गांव निवासी मुन्ना दास शामिल है।
गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से 10 माेबाइल फोन, 18 सिम कार्ड बरामद किया गया है। गिरफ्तार सात साइबर ठगों में दो के पास से बरामद मोबाइल नंबर पर प्रतिबिंब पोर्टल पर शिकायत दर्ज है । जबकि अन्य पांच के पास से जब्त मोबाइल का नंबर जेएमआइएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज है।
एसपी अजीत पीटर डुंगडुुंग के निर्देश पर साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक कृष्णदत्त झा च एसआइ अजय कुमार सहित पुलिस जवानों की टीम ने कुंडा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद इन सभी को पूछताछ के लिए साइबर थाना लाया गया।
पूछताछ के दौरान सभी ने साइबर ठगों में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए लोगों को झांसे में ठगी का शिकार बनाने के बारे में बताया। पुलिस गिरफ्तार सभी साइबर ठगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


