
Deoghar: देवघर-गोड्डा मुख्य मार्ग पर चोपामोड़ से लगभग 50 मीटर की दूरी पर सोमवार को अपराह्ण करीब 2.30 बजे एक अनियंत्रित कार ने ऑटो में सामने से जोरदार टक्कर पर दी।

इस घटना में देवघर के देवसंघ स्थित डिप्सर बीएड कॉलेज की एक 27 वर्षीय महिला छात्रा की मौत मौके पर ही हो गयी जबकि पांच छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। सभी घायल छात्रा का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

मृतका का नाम किरण मुर्मू पति ज्ञान प्रकाश किस्कू है जो दुमका जिला के ललमटिया थाना क्षेत्र के जोजो सिमरा गावं की रहने वाली है। वहीं घायलों में प्रिति टूडू हरीपुर दुमका, नेहा ठाकुर पानींटकी देवघर, दृष्या वत्स साकिन सनहौला जिला भागलपुर बिहार, निशा भारती बिलासी देवघर और सावित्रि हेम्ब्रम बारा पलासी दुमका निवासी के नाम शामिल हैं।
मोहनपुर पुलिस ने कार और ऑटो को जब्त कर लिया है।
लेशन प्लान ट्रेनिंग वापस ऑटो से लौट रही थी बीएड की छात्राएं
बताया जाता है कि डिप्सर बीएड कॉलेज की सभी छात्राएं मोहनपुर प्रखंड के बंका हाईस्कूल में लेशन प्लान ट्रेनिंग के लिये गयी थी। अपराह्ण करीब 2.30 बजे एक ऑटो पर सवार होकर वापस देवघर लौट रही थी। उसी दौरान चोपामोड़ से लगभग 50 मीटर पहले देवघर – गोड्डा मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में ऑटो पर सवार सभी छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पहले इलाज के लिये मोहनपुर सीएचसी केन्द्र ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां किरण मुर्मू को देखने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सभी घायल अन्य छात्राओंं को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। देखते- देखते सदर अस्पताल में डिप्सर कॉलेज के काफी संख्या में छात्राएं सदर अस्पताल पहुंच गयी। सभी के परिजन भी सदर अस्पताल में जुट गये।


