

दुमका।

दुमका नगर थाना क्षेत्र के ग्रांट स्टेट मोहल्ले में रविवार दोपहर रोहित शर्मा नामक युवक ने अपने ही चचेरे भाई जितेंद्र शर्मा पर दो गोली चला दी। एक गोली जितेंद्र शर्मा के जांघ में जा लगी जिस कारण जितेंद्र जख्मी हो गए। आनन-फानन में घायल जितेंद्र को दुमका अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने बताया कि जितेंद्र मामूली रूप से घायल हैं।

गोली चलने की आवाज और हो-हल्ला सून लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पिस्टल के अलावा सात गोली बरामद की है। पुलिस के अनुसार रोहित पहले भी चार बार आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
जितेंद्र ने बताया कि अपने चारदीवारी में काम करा रहे थे उसी दौरान चचेरे भाई रोहित शर्मा से कुछ कहा सुनी हो गई। इतने में रोहित ने जितेंद्र पर गोली चला दी।

एसडीपीओ सदर नूर मुस्तफा ने बताया कि जितेंद्र कुमार शर्मा द्वारा अपने घर पर काम कराने के दौरान उसके ही चचेरे भाई ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। आरोपी रोहित शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, रोहित नशेड़ी होने के साथ अपराध भी करता है। दोनों के बीच कोई बात हुई और रोहित ने दो फायर कर दिए। एक फायर खाली चला गया और दूसरी गोली जांघ में लग गई। लोगों ने मौके पर ही उसे धर दबोचा। उधर से गुजर रही पुलिस गश्ती दल में शामिल सहायक अवर निरीक्षक प्रियंका कुमारी व रोहित कुमार ने उसे हिरासत में लिया। बताया कि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों के बीच किस तरह का विवाद था। जमीन की भी बात सामने आ रही है।




