
Deoghar: कुख्यात गैंगेस्टर अमन साहू पिछले दिनों पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब सूबे की पुलिस उसके गिरोह के गुर्गों की तलाश में जुट गई है। प्रयास है कि ये गिरोह फिर से किसी और के नेतृत्व में कहीं संगठित न हो जाए। क्योंकि इस गिरोह का कनेक्शन लारेंस बिसनोई गिरोह से भी सामने आया है। इस सिलसिले में सूबे के सरायकेला खरसांवा जिला के कांड्रा थाना की पुलिस टीम देवघर के दो युवकों को पकड़कर अपने साथ ले गई है।

पकड़े गए आरोपितों में कुंडा थाना क्षेत्र के बंधा इलाके का रहने वाला रौशन कुमार व नगर थाना क्षेत्र निवासी राहुल सिंह शामिल है। इन दोनों को स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया है।

बताया जाता है कि वहां एक दर्जन मामले में ये दोनों गैर नामजद आरोपित हैं। जांच के दौरान इन दोनों के बारे में वहां की पुलिस को पता चला। उसी आधार पर इनकी तलाश में यहां आई थी।
जानकारी हो कि अमन साहू गिरोह का देवघर से पुराना कनेक्शन रहा है। करीब दो वर्ष पहले यहां के राय कंपनी चौक स्थित हरदेव कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में बाइक सवार बदमाशों ने आकर फायरिंग की थी। कार्यालय के अंदर घुसकर दहशत पैदा करने के ख्याल से फायरिंग कर लेवी मांगने को लेकर चिट्ठी भी छोड़ी गई थी। वहीं नगर थाना क्षेत्र के झौंसागढ़ी इलाके में नंदी भवन के सामने भी दहशत पैदा करने के लिए गोली चलाई गई थी। यहां भी जांच के दौरान व्यापारी से रंगदारी वसूलने के ख्याल से दहशत पैदा करने के लिए गोली चलाए जाने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने इस कांड में शामिल आरोपितों को हथियार के साथ पकड़ा था। पूछताछ के क्रम में पता चला था कि दोनों जगहों पर गोली अमन साहू के इशारे पर चलाया गया था। ये भी पता चला कि अमन साहू गिरोह ने देवघर के एक गैंग के साथ हाथ मिला लिया था। दोनों मिलकर इस शहर पर आपराधिक आतंक मचाने के फिराक में थे।
उसके बाद से देवघर पुलिस भी इन दोनों की गतिविधि पर लगातार पैनी नजर रखे हुए थे।


