
Deoghar: देवघर AIIMS का तेजी से निर्माण हो रहा है। 24 अगस्त को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ओपीडी भवन का आनलाइन उद्घाटन किया था। अब एम्स परिसर में दो और भवन बनकर तैयार है। जिसका उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस के हाथों गुरुवार को होगा।

राज्यपाल रमेश बैस गुरुवार को एम्स, देवघर (Deoghar AIIMS) के एक कार्यक्रम में शरीक होंगे। देवघर में करीब चार घंटे रुकने के बाद रांची लौट जाएंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर एसडीएम दिनेश कुमार यादव ने एम्स में तैयारियों का निरीक्षण किया।
गुरुवार को आएंगे राज्यपाल

एसडीएम ने बताया कि राज्यपाल रमेश बैस गुरुवार को सुबह 11.20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगे। वहां से सीधे एम्स पहुंचकर कार्यक्रम में शरीक होंगे। जहां दो नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही ओपीडी में दी जा रही चिकित्सीय सुविधा का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद पंचायत प्रशिक्षण संस्थान (PTI) डाबरग्राम पहुंचेंगे। राज्यपाल पीटीआइ में एम्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शिक्षण सत्र का पहला बैच पूरा होने के मौके पर राज्यपाल के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 2.30 बजे राज्यपाल रांची के लिए देवघर एयरपोर्ट से प्रस्थान कर जायेंगे।
संभावना जताई जा रही है कि इस बीच राज्यपाल रमेश बैस बाबा मंदिर भी जायेंगे। साथ ही एयरपोर्ट के कार्य का भी निरीक्षण करेंगे।
वहीं, रास्ते में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो इसे लेकर एसडीएम दिनेश यादव ने बीडीओ अभय कुमार, थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप कुमार के साथ एम्स के पदाधिकारियों के साथ एम्स परिसर का निरीक्षण किया।



