
Deoghar: देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के सेतिनगढ़ गावं में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतका का नाम रंजू कुमारी पति निवास कुमार है। मृतका के गर्दन में दाग होने की बात बतायी जाती है। मृतका को एक तीन माह की बेटी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनारायठाढ़ी पुलिस मृतका के घर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में मृतका के मायके के परिजनों का जमावड़ा लग गया।

मृतका के पिता जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी कुरेबा निवासी पप्पू यादव ने बताया कि ससुराल वालों द्वारा उसकी बेटी की मारपीट कर एवं गला दबा कर हत्या कर दी गयी है। कहा है कि बुधवार की देर शाम बेटी के ससुराल के बगलगीर ने फोन कर उनके परिवार को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सभी लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो देखा की वह मृत पड़ी है। उसके गले और शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान था।
कहा कि बेटी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व सोनारायठाढ़ी के सेतिनगढ़ा निवासी निवास कुमार से किया था। शादी के बाद से उसके ससुराल वाले बीच – बीच में और दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। इसे लेकर गावं के मुखिया के उपस्थिति में पंचायत भी कराया गया था। उसके बावजूद भी ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे।
बताया कि तीन माह पूर्व ही बेटी ने एक पुत्री को जन्म दिया था। उसके बाद से उसे और प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले एक लाख रूपये की मांग कर रहे थे। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।



