
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाजला चौक के पास स्थित एक घर से बरामद 32 वर्षीय ब्यूटी कुमारी के शव के मामले में हत्या का आरोप लगाया गया है। ब्यूटी के मौत की खबर सुनकर उसके पिता पोरेस राणा परिवार के साथ देवघर पहुंचे। वह पं. बंगाल के बर्धमान जिला के एनटीपीएस थाना क्षेत्र के टेटीकोला के रहने वाले हैं।

उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसकी बेटी ब्यूटी राणा तीन-चार वर्ष से देवघर में एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी। पिता के मुताबिक बेटी ने बताया था कि उसके साथ में काम करने वाले साथी नीतिश कुमार के साथ प्रेम संबंध है। उसने ये भी बताया था कि उसने उससे शादी करने का वायदा किया है। वहीं उससे उसकी बराबर बात होती है। साथ ही उसने उससे 65 हजार उधार भी लिया है। वहीं उसे अपनी गाड़ी से घुमाने के लिए बाहर भी ले जाता है। उसकी बेटी यहां किराए के मकान में रहती है। इसी बीच उन्हें बेटी के मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने पर वे लोग यहां पहुंचे हैं।

पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की नीतिश कुमार ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी है। उसकी बेटी उसके उपर शादी करने का दबाव बना रही थी। वहीं उसे दिया गया 65 हजार रुपया भी वापस मांग रही थी। इसी के कारण उसकी हत्या कर दी गई है। साथ ही ये भी आरोप लगाया गया है कि उसका सोने का चेन और सोने की अंगूठी भी उन लोगों ने ले ली है।
जानकारी हो कि बंद कमरे से उसका शव नगर पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया था। शव कई दिन पुराना बताया जाता है। वहीं कमरे से शराब की बोतल भी मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया था। शनिवार को परिजन के पहुंचने के उपरांत शव का पोस्टर्माटम कराया गया। इधर नगर पुलिस मामले से जुड़े हर एक पहलु की गहन छानबीन में जुट गयी है।
आरोपी पुलिस हिरासत में
आरोपी कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी निवासी नितिश कुमार को पुलिस हिरासत में लेकर पुछताछ करने में जुट गयी है। बताया जाता है कि आरोपी पिछले दो तीन माह से किसी अन्य प्राइवेट नर्सिंग होम में कार्य कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने उसे वर्तमान में जहां काम कर रहा था वहीं से हिरासत में लिया है।


