Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्या ने भाजपा (BJP) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक ऐसे नेता के हाथों में पार्टी का कमान सौंपा है, जो 2019 के बाद विधायक दल का नेता तक नहीं बन पाया।
प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर आयातित व्यक्ति को जगह देना पड़ा
उन्होंने पूछा कि क्या विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दंभ भरने वाली भाजपा के पास संगठन का एक भी व्यक्ति नहीं, जिसके पास प्रदेश अध्यक्ष बनने की काबिलियत है। प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर आयातित व्यक्ति को जगह देना पड़ा। 14 वर्षों तक वनवास में रहने वाले बाबूलाल मरांडी ने विगत सात वर्षों तक पानी पी-पीकर प्रधानमंत्री को कोसने का काम किया। भट्टाचार्या शनिवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबूलाल मरांडी को कोढ़ कहा। यहां तक कहा कि भाजपा ने तीसरी दुनिया से उठाकर केंद्र में मंत्री बनाया। वैसे व्यक्ति को आज प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। ये भाजपा का दिवालियापन है। उन्होंने भाजपा के स्नेह मिलन पर कहा कि कितना स्नेह है लोगों के अंदर, ये गौर करने वाली बात है। भाजपा के लोग आदिवासी सम्मान की बात करते हैं लेकिन मध्य प्रदेश के सीधी की बात करना भूल गए।
मुख्य अभियुक्त को महाराष्ट्र का उप मुख्यमंत्री बनाया
भट्टाचार्या ने कहा कि पटना में विधानसभा का घेराव करने वाले भाजपा नेता पुलिस पर मिर्ची का पाउडर फेंकते हैं और लाठीचार्ज होता है। भोपाल में प्रधानमंत्री मोदी एनसीपी को नेशनल करप्ट पार्टी कहते हैं। बिना नाम लिये मुख्य अभियुक्त को महाराष्ट्र का उप मुख्यमंत्री बनाया जाता है। सिंचाई घोटाला, कृषि घोटाला और तमाम घोटाले वाले विभाग का जिम्मा टूटे हुए एनसीपी के पास है।
बाबूलाल को अंदर से डर लग रहा है
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के पहले दिन ही बाबूलाल को अंदर से डर लग रहा है। बकोरिया गोली कांड, तपकरा गोली कांड और मुरहू गोली कांड पर अब बाबूलाल नहीं बोलेंगे। डोमिसाइल आंदोलन में बाबूलाल मरांडी ने माचिस लगाने का काम किया था। तीन आदिवासी युवकों की मौत हुई थी। इसका खुलासा भी 24 जुलाई को हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का हाल 2009 और 2004 की तरह होने वाली है। केवल एक सीट कोडरमा भाजपा के पास थी। 13 सीट हमारी थी। 2024 में एक भी सीट भाजपा नहीं जितेगी। बाबूलाल सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे। (HS)