
Deoghar: देवघर कुंडा थाना क्षेत्र के भंडारकोला दुर्गापुर के रहने वाले एक चार वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतक का नाम अदील अंसारी पिता जिबराइल अंसारी है। आदिल की मौत उसके ननिहाल दुमका जिला के तालझारी थाना क्षेत्र के बरमासा सहारा गावं में हुई है।

ननिहाल के ही एक व्यक्ति द्वारा उसे इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर खबर मिलते ही बच्चे के चाचा सहित गावं के काफी लोग सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के चाचा का कहना है कि उसका भाई जिबराइल अंसारी छत्तिसगढ़ में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी द्वारा दहेज प्रताड़ना को लेकर केस किया गया है। उसे एक ही बेटा था जिसकी मौत हो गयी। उसकी पत्नी बच्चे को लेकर अपने मायके में रहने चली गयी थी।

बच्चे के चाचा ने आरोप लगाया कि बच्चे की हत्या कर सड़क दुर्घटना का रंग देने का प्रयास भाई के ससुराल वाले कर रहे हैं। कहा कि बच्चे के सिर में हल्का खरोच है कहीं कोई गंभीर चोट के निशान नहीं है जिससे यह लगे की उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हुई है।
सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चे की मौत की जानकारी स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दे दी गयी है।


