Deoghar News : नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई के बीच शुक्रवार को मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच पेडलरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर और 5400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नवनिर्मित अस्पताल के पास तलाशी के दौरान पुलिस ने बरामद किया ब्राउन शुगर और नकदी

गिरफ्तार आरोपितों में मोहनपुर थाना क्षेत्र के घुटिया बड़ा असहना गांव निवासी प्रफुल कुमार, सिमरजोर घुटिया बड़ा असहना निवासी भीम राय एवं जितेंद्र कुमार, घुटिया बड़ा असहना निवासी लखन मरांडी एवं राहुल कुमार शामिल हैं।
नवनिर्मित अस्पताल के पास से हुई गिरफ्तारी

इस संबंध में एसपी प्रवीण पुष्पकर ने एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम उन्हें हिंडोलावरण और सिमरजोर में कुछ लोगों द्वारा ब्राउन शुगर की बिक्री व सेवन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में एसपी ने मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा के नेतृत्व में एसआइटी गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद की अगुवाई में मोहनपुर थाना प्रभारी, एएसआइ सुरेश कुमार रमानी, रिजर्व गार्ड एवं चौकीदार की टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान हिंडोलावरण से तपोवन जाने वाली सड़क के किनारे तीनघरा के समीप स्थित एक नवनिर्मित अस्पताल के पास पांच लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में पुलिस ने उनके पास से 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर और 5400 रुपये नकद बरामद किए।
लखन व प्रफुल इसी साल जा चुके हैं जेल
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित लखन मरांडी और प्रफुल कुमार इसी साल ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के मामले में जेल जा चुके हैं। फिलहाल दोनों जमानत पर जेल से बाहर थे। पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद दोनों फिर से इसी धंधे में शामिल हो गए थे। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपित जितेंद्र कुमार, भीम राय और राहुल कुमार का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।



