Deoghar : मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के मरनी पुल के समीप 22 सितंबर को हुई 1.50 लाख रुपये नकदी की लूट का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एसपी प्रवीण पुष्कर ने कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ निवासी साजन कुमार रमानी, मो. आलमगीर शेख, मो. जुवैद शेख और मो. सनवर हुसैन शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से 22,800 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सागीर अंसारी से हुई थी लूट की वारदात

एसपी के अनुसार, लूट की घटना मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरुखी गांव निवासी सागीर अंसारी के साथ हुई थी। घटना के दिन सागीर अंसारी बाइक से मधुपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मरनी पुल के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रुकवाया और लूट की घटना को अंजाम दिया था।
सनवर पर पहले से डकैती का मामला, साजन पर चार केस
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मो. सनवर हुसैन का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। डकैती के एक मामले में भी उसकी संलिप्तता रही है और उसके खिलाफ पाथरोल थाना में मामला दर्ज है। वहीं, गिरफ्तार आरोपित साजन कुमार रमानी के खिलाफ मधुपुर थाना में चार मामले दर्ज हैं।
एसडीपीओ मधुपुर के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम
लूटकांड के उद्भेदन के लिए एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर एसडीपीओ मधुपुर सत्येंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम में एसडीपीओ के अलावा पुलिस निरीक्षक राउतु होनहागा, मारगोमुंडा थाना प्रभारी शशि कपूर, पाथरोल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग, एसआइ अशोक भगत व धर्मवीर भगत सहित सशस्त्र जवान शामिल थे। टीम ने छापेमारी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया।



