
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के बरमसिया में परमेश्वर दयाल रोड के पास मंगलवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में 25 वर्षीय नीरज रजक और 22 वर्षीय नीतिश कुमार महथा नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया सलौनाटांड मोहल्ला के रहने वाले हैं।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि नए वर्ष के आगमन को लेकर दो युवकों ने अपने दोस्तों के साथ पार्टी की। खाने पीने, नाचने गाने का दौर चला। उसके बाद दोनों अपने दोस्त की बाइक लेकर टावर चौक की ओर घूमने गए। वहां से वे दोनों वापस लौट रहे थे। बाइक की गति काफी अधिक थी। इस दौरान बरमसिया चौक के बीएड कालेज मोड की ओर जाने वाली सड़क पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक से गिर गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। दोनों को उठाकर देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने जांच करने के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर दोनों युवकों के स्वजन सदर असप्ताल पहुंचे। घर वालों का घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहने थी।
हादसे में दोनों के सिर पर गहरी चोट लगी और इसी कारण उनकी मौत हो गई। साथ ही बाइक की गति भी काफी अधिक थी जिस कारण ये हादसा हुआ। अगर उन लोगों ने हेलमेट पहना होता और बाइक की गति नियंत्रित होती तो शायद ये हादसा नहीं होता।


