
Athens: ग्रीस के जंगलों में भीषण आग (Fierce fire in the forests of Greece) से जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। आग इतनी भयावह हो गयी है कि तमाम रिहायशी इलाके भी चपेट में आ गए हैं। ग्रीस व रोड्स आइलैंड में आपातकाल (State of emergency in Greece and Rhode Island) लागू कर दिया गया है।

समूचा यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी और गर्म हवाओं से जूझ रहा है। इसी बीच, ग्रीस के जंगलों में भीषण आग तेजी से फैल रही है। अब तक 35 वर्ग किलोमीटर से अधिक जंगल जलकर राख हो चुका है। आग की तेजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि तमाम रिहायशी इलाके भी आग की चपेट में आ गए हैं। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। आग पर काबू पाने के प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि तेज हवाएं बार-बार आग को बेकाबू कर देती हैं।

ग्रीस के अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता यिआनिस आर्टोपोइस ने बताया कि बीते 24 घंटे में ग्रीस के जंगलों में 62 जगहों पर आग लगने की घटना हुई है। ग्रीस के पश्चिमी अट्टिका इलाके में आग के चलते लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। कुछ लोग अपने घरों को छोड़कर जाने को तैयार नहीं और वह प्रशासन के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जंगलों की आग फैलने के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रीस और रोड्स आईलैंड में आपातकाल लागू कर दिया गया है। अल नीनो प्रभाव के चलते यूरोप इन दिनों भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। यूरोप में गर्मी रोज नए रिकॉर्ड तोड़ रही है। (Input-Agency-HS)


