
Mahagama: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने रविवार को नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कुल ₹1.89 करोड़ की लागत से बनने वाली 26 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

इन योजनाओं में पीसीसी सड़क, स्लैब युक्त ईंट नाली, आरसीसी कवर नाला और पेवर ब्लॉक बिछाने जैसे निर्माण कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत रामशुल हाउस से सत्संग भवन के पास सड़क निर्माण से हुई, जिसके बाद गजाधर सिंह हाउस, बजरंगबली मंदिर रोड, बसुआ ईदगाह क्षेत्र समेत कई जगहों पर योजनाओं की आधारशिला रखी गई। मंत्री के आगमन पर लोगों ने फूल-मालाओं और नारों से जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा, “महागामा मेरी कर्मभूमि है, यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं देना मेरी जिम्मेदारी है।”उन्होंने कहा कि जलजमाव और जर्जर सड़कों से लोगों को राहत देने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि “काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा, सभी योजनाएं समय पर पूरी हों।”
स्थानीय लोगों ने वर्षों से लंबित योजनाओं की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उनका कहना था कि अब क्षेत्र की सड़कों और नालियों की समस्या से निजात मिलेगी।
मौके पर एसडीओ आलोक वरण केशरी, ईओ आशीष कुमार, बीडीओ सोनाराम हांसदा, सीओ खगेन महतो, थाना प्रभारी शिव दयाल सिंह, सिटी मैनेजर रोहित गुप्ता, कनीय अभियंता, और मंत्री प्रतिनिधि विपिन बिहारी सिंह समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


