
Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बाबानगरी में हल्की बूंदाबांदी तो रांची समेत प्रदेश भर के कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। कई इलाकों में बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 9 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। वहीं आईएमडी ने गढ़वा, लातेहार, पलामू और चतरा में वज्रपात होने की संभावना जतायी है। इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी मंगलवार को भी अधिकतर समय बादल छाये हुए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास होगा। सुबह-सुबह हल्का कोहरा रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 दिसंबर के बाद से ठंड और बढ़ेगी।


