
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर बरमसिया में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से कथित पति फरार बताया जा रहा है, जबकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय रानी देवी के रूप में हुई है, जो साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र स्थित मुर्गीटोला की रहने वाली थी। वह अपनी सात वर्षीय बेटी सीमा और एक वर्षीय बेटी तमन्ना के साथ बरमसिया में किराये के मकान में रह रही थी। आसपास के घरों में दाई का काम कर वह दोनों बच्चियों का भरण-पोषण करती थी।

शनिवार की अहले सुबह मकान में रहने वाले लोगों को बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब लोग कमरे के पास पहुंचे तो रानी देवी का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। कमरे में काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था और दोनों मासूम बच्चियां बिलख रही थीं।
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से मृतका का टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर जब्त किया गया है।
मृतका की मां जसीडीह थाना इलाके के दौरही निवासी मंजू देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उसके कथित पति ने की है। उन्होंने बताया कि करीब 13 वर्ष पूर्व बेटी की शादी हुई थी उससे उसे एक बेटी है जो उसके पास रहती है, लेकिन बाद में गावं मे शौचालय निर्माण कार्य करा रहे एक व्यक्ति के साथ वह चली गई थी। उस समय इसकी शिकायत जसीडीह थाना में भी दर्ज कराई गई थी।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू दोनों बच्चियों की स्थिति रही। सात वर्षीय सीमा ने बताया कि शुक्रवार देर रात उसके पिता घर आए थे और मां के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद उन्होंने चाकू से हमला किया। डर के कारण वह आंख बंद कर सोने का बहाना करने लगी। बच्ची के अनुसार, उसके पिता ने मां का मोबाइल भी तोड़ दिया था और फिर वहां से चले गए।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


