
Deoghar: इन दिनों देवघर शहरी इलाके में बुलेट सवार मोबाइल छिनतई करने वाले बदमाश का आतंक बढ़ गया है। शाम ढलते ही शहर के कई इलाकों में इन आराधियों का कारनामा शुरू हो जाता है। नगर पुलिस ऐसे अपराध को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करने में पंगु साबित हो रही है।

नगर पुलिस का बाइक दस्ता सिर्फ शहर में सायरन बजाते दिखती है। इस तरह के अपराधी अपना शिकार वैसे लोगों को बनाते हैं जो राह चलते मोबाइल से बात करते दिखते है। बुधवार की शाम को बुलेट सवार बदमाशों ने हदहदिया पुल से बरमसिया जाने वाले इलाके में एक छात्र से मोबाइल की छिनतई कर ली।

पीड़ित छात्र झोंसागढ़ी निवासी कृष्णा केशरी ने बताया कि वह बरमसिया से शाम को ट्यूशन पढ़कर साइकिल से वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आ गया और वह बात करने लगा। उसी क्रम में हदहदिया पूल से पहले बुलेट सवार दो बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भाग निकला। पुरनदाहा इलाके में भी एक छात्र से बुलेट सवार बदमाश ने मोबाइल की छिनतई कर ली। उसने भी नगर थाना में शिकायत दिया है।
बुलेट सवार बदमाशों द्वारा नगर थाना इलाके में लगातार मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया जा रहा लेकिन पुलिस सिर्फ सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रहती है। शाम ढलते ही बाजला चौक, पुरनदाहा, सतसंग नगर, वीआईपी चौक, बरमसिया इलाका, शंख मोड, नंदन पहाड़, बिलासी चकाचक मंदिर इलाके में मोबाइल छिनतई करने वाले बाइक सवार बदमाश सक्रिय हो जाते हैं।


