Deoghar: देवघर जिले के अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इनमें रिखिया थाना क्षेत्र के ताराबाद चौक पर हुई दुर्घटना में मोहनपुर थाना क्षेत्र के कलहोड़िया निवासी संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह संतोष यादव अपने घर से रिखिया थाना क्षेत्र के ताराबाद किसी काम से जा रहे थे।

इसी दौरान ताराबाद चौक के पास तेज गति से आ रहे एक ओमनी वाहन के चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ताराबाद के पूर्व मुखिया के पति राजेंद्र भोक्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी।

इसके बाद घायल संतोष यादव को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले ओमनी वाहन को पकड़ लिया और रिखिया पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं, अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र निवासी जोनेस टुडू तथा जसीडीह थाना क्षेत्र के गिद्धनी निवासी जतिन मारिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया जा रहा है।



