Deoghar News : देवघर रेलवे स्टेशन पर रूटीन चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने एक लावारिस बैग से गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया है। बरामद संदिग्ध पदार्थ का कुल वजन 7.050 किलोग्राम बताया गया है। इस संबंध में नगर थाना में रेलवे सुरक्षा बल जसीडीह के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) समीर कुमार खां ने मामला दर्ज कराया है।

दर्ज मामले के अनुसार 14 सितंबर को एएसआई समीर कुमार खां देवघर रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15626 अगरतला-देवघर साप्ताहिक एक्सप्रेस करीब 9 बजे देवघर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची।

इसके बाद रूटीन चेकिंग के क्रम में एएसआई समीर कुमार खां, कांस्टेबल मनिंदर कुमार, दोनों आरपीएफ पोस्ट जसीडीह तथा आसूचना शाखा जसीडीह के प्रधान आरक्षी प्रदीप कुमार सिंह ट्रेन की जांच कर रहे थे। चेकिंग के दौरान करीब 10 बजे ट्रेन के कोच संख्या एस-7 में सीट संख्या 79 के नीचे नीले रंग का एक बैग लावारिस अवस्था में मिला।
आसपास किसी व्यक्ति के मौजूद नहीं होने पर बैग की जांच की गई। जांच के दौरान बैग के अंदर पीले रंग के सेलो टेप से लिपटे कुल सात पैकेट मिले, जिनमें गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ रखा हुआ था। सभी पैकेट कटे-फटे अथवा क्षतिग्रस्त अवस्था में थे। इसके अलावा बैग में गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ खुले रूप में भी रखा मिला।
एरिया ऑफिसर की मौजूदगी में कराया गया वजन
बरामदगी की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारी को दी गई। पदाधिकारी के निर्देश पर जसीडीह के एरिया ऑफिसर रामगोपाल सिंह को लिखित सूचना देकर देवघर रेलवे स्टेशन बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में बरामद संदिग्ध पदार्थ का वजन कराया गया। वजन के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित आईआरसीटीसी स्टॉल की श्रीमती देवी की दुकान पर कार्यरत संजय भोक्ता से लिखित अनुरोध कर वजन मशीन मंगाई गई।
सात पैकेटों का वजन क्रमशः 0.900, 0.900, 0.950, 0.900, 0.500, 0.900 और 0.900 किलोग्राम पाया गया
वहीं बैग में खुले रूप में मिले संदिग्ध पदार्थ को मौके पर दो अलग-अलग प्लास्टिक पैकेटों में पैक किया गया, जिनका वजन क्रमशः 0.500 किलोग्राम और 0.600 किलोग्राम पाया गया। आवेदन में इन्हें क्रम संख्या 8 और 9 पर अंकित किया गया है। सभी बरामद संदिग्ध पदार्थ का कुल वजन 7.050 किलोग्राम बताया गया है।
किसी ने बैग पर नहीं किया दावा
एएसआई समीर कुमार खां द्वारा बरामदगी की जब्ती सूची 12 बजे से 12.30 बजे के बीच तैयार की गई। स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं होने के कारण मौके पर मौजूद आरपीएफ स्टाफ को गवाह बनाया गया। जब्ती की कार्रवाई एरिया ऑफिसर जसीडीह रामगोपाल सिंह की उपस्थिति में की गई।
आरपीएफ द्वारा आसपास के क्षेत्र में तलाशी और पूछताछ भी की गई, लेकिन किसी व्यक्ति ने उक्त बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बैग और उसमें मिले संदिग्ध पदार्थ को लावारिस अवस्था में जब्त कर लिया गया। आरपीएफ ने कुल 7.050 किलोग्राम गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ और संबंधित बैग को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नगर थाना देवघर के समक्ष प्रस्तुत किया है।



