Deoghar : शहर में रंगदारी की मांग को लेकर व्यवसायियों को हथियार के बल धमकाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पूर्व ही नगर पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद व्यवसायियों में भय का माहौल बना हुआ है।

मंगलवार को शिवगंगा इलाके में व्यवसाय करने वाले कुछ लोग अपनी और जान-माल की सुरक्षा की मांग को लेकर देवघर एसपी के पास पहुंचे। व्यवसायियों ने एसपी से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई। बताया गया कि एसपी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा देते हुए नगर थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा। इसके बाद सभी लोग नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी।
हर माह 50 हजार रंगदारी मांगने का आरोप

नगर थाना में दिए गए आवेदन में लक्ष्मी चरण द्वारी रोड निवासी सोनू कुमार और मोहन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि आए दिन गौरी आश्रम रोड निवासी गौरव झा, निहाल मिश्रा, राहुल शर्मा एवं विक्रम कुमार उनके दुकान पर पहुंचते हैं। आरोप है कि दुकान पर पहुंचकर जबरन मोबाइल छीन लिया गया और हथियार लहराते हुए हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई।
यूपीआई से 5,103 और नकद 35 हजार लेने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से 5,103 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इसके अलावा कैश के माध्यम से 35 हजार रुपये भी ले लिए गए। आरोप है कि इसके बाद धमकी दी गई कि यदि हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं दी तो गोली मार दी जाएगी। शिकायत मिलने के बाद नगर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। व्यवसायियों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।



