
Giridih: गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना इलाके के पपरवाटांड़ से बरामद किए गए तीन गोली सहित दो अवैध देशी कट्टा मामले का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। मामले की जानकारी एसपी एसपी डॉ. विमल कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में दी।

पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया । जेल गए आरोपियों में जीतन कुमार दास, डब्लू कुमार दास और मनोज चौधरी के नाम शामिल है।

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना अंतर्गत पपरवाटांड स्थित सड़क किनारे गुमटी के बगल में सिमेंट की बोरी भरे बालू में अवैध हथियार एवं गोली छुपाकर रखा गया है। सूचना का सत्यापन को लेकर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। उपरांत जांच के क्रम में पपरवाटांड स्थित सड़क किनारे गुमटी के बगल में सिमेंट की बोरी भरे बालू में छुपाकर रखे दो अवैध देशी कट्टा एवं तीन जिंदा गोली बीते शनिवार को बरामद किया गया था।
बताया कि जांच के क्रम में यह बात निकल कर सामने आई कि उक्त अवैध हथियार का प्रयोग जीतन कुमार दास द्वारा अशोक दास को अपनी मंगेतर से शादी करने से रोकने के लिए फंसाने के उद्देश्य से किया गया था। क्योंकि जीतन कुमार दास अशोक दास की मंगेतर से शादी करना चाहता था। जिसके बाद पूरे मामले में गहराई से जांच की गई और उसके अलावा इस अवैध हथियार को लाने और इस मामले में संलिप्त डब्लू कुमार दास एवं मनोज चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
तीनों आरोपियों ने अपनी गलती को स्वीकार कर लिया है। मौके मुफ्फासिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।


