
Deoghar: झारखंड में किसी भी कीमत पर एनआरसी लागू होगा और यहां से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बोरा में भरकर बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। ये दावा गोड्डा लोकसभा से बीजेपी सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने देवघर में मीडिया से मुखातिब होते हुए किया।

उन्होंने कहा कि झारखंड और खासकर संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों और आदिवासियों की घटती जनसंख्या का मुद्दा हमारा चुनावी मुद्दा नहीं है। इसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी और सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाती रहेगी।

डॉ दुबे ने कहा कि साल 2024 के चुनाव में भले ही हमारी सोच के हिसाब से सफलता नहीं मिली हो लेकिन 2019 के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सात दिनों में जिस तरह से मधुपुर के मदनकट्टा और मार्गोमुंडा में और जामताड़ा में सीता सोरेन की बेटियों के साथ घटना घटी है। ये वैसे मुसलमान हैं जिन्हें भारत की सभ्यताओं और परंपराओं से लेना देना नहीं है जो उत्पात मचा रहे हैं वो बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।
सांसद ने कहा कि झारखंड में किसी भी कीमत पर एनआरसी लागू करवाएंगे और 1932 के खतियान से यहां के बाशिंदों के जड़ों के ढूंढा जाएगा जो देश के किसी भी कोने से होंगे वो यहां रहेंगे जो बांग्लादेशी होंगे उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।



