
Deoghar: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की मतगणना शांतिपूर्ण सम्पन्न हो चुकी है। एक बार फिर झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी को करारी शिकस्त इंडिया गठबंधन से मिली है। देवघर जिला अंतर्गत आने वाले तीनों विधानसभा में बीजेपी का सुपड़ा साफ हो गया है।

देवघर विधानसभा में आरजेडी प्रत्याशी सुरेश पासवान ने बीजेपी उम्मीदवार नारायण दास को शिकस्त देकर जीत हासिल की। तो सारठ विधानसभा में जेएमएम प्रत्याशी उदय शंकर सिंह ने बीजेपी के रणधीर कुमार सिंह को पराजित किया। वहीं, मधुपुर विधानसभा में जेएमएम प्रत्याशी हफ़ीजुल हसन ने दुबारा जीत का परचम लहराया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विशाल सागर द्वारा जानकारी दी गई कि विधानसभा आम चुनाव, 2024 को लेकर आज मतगणना सह बज्र गृह में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से जिले के तीनों 15-देवघर, 14-सारठ, 13-मधुपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सम्पन्न हुई।
देवघर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के निर्वाचित सुरेश पासवान को चुनाव जीतने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
देवघर विधानसभा क्षेत्र से सुरेश पासवान ने अपने प्रतिद्वंदी बीजेपी प्रत्याशी नारायण दास को शिकस्त दी है।
इसके अलावा 14-सारठ विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के निर्वाचित उदय शंकर सिंह को निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
सारठ विधानसभा क्षेत्र से उदय शंकर सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी बीजेपी प्रत्याशी रणधीर सिंह को शिकस्त दी है।
इसके अलावा 13-मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के निर्वाचित हफीजुल हसन को निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से हफीजुल हसन ने अपने प्रतिद्वंदी बीजेपी प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह को शिकस्त दी है।


