Deoghar/Jasidih : ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ पोस्ट जसीडीह की टीम ने ट्रेन चेकिंग के दौरान लावारिस बोरे से 20 बोतल शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 7500 एमएल है, जिसकी कीमत 8200 रुपये बतायी गयी है।

जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर को आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के एसआई सुनील कुमार, सीआईबी जसीडीह के एसआई मकरध्वज सिंह एवं बल सदस्यों ने आईपीएफ/सीआईबी जसीडीह के पर्यवेक्षण में ट्रेन संख्या 63156 मेमू में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रेन के जीएस कोच संख्या ER-262019 के गेट के पास एक सफेद रंग का लावारिस बोरा मिला।

बोरे के संबंध में ट्रेन के कोच में उद्घोषणा कर उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति बोरे पर अपना दावा करने के लिए सामने नहीं आया। संदेह होने पर आरपीएफ के एसआई सुनील कुमार की सहायता से बोरे को ट्रेन से उतारा गया। उपलब्ध गवाहों की मौजूदगी में बोरे को खोलकर जांच की गयी।
इसमें रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 375 एमएल की 20 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल की कीमत 410 रुपये बतायी गयी है। बरामद शराब की कुल मात्रा 7500 एमएल और कुल कीमत 8200 रुपये है। बोतलों पर झारखंड में बिक्री के लिए होने का उल्लेख है। इसके बाद बरामद शराब समेत बोरे को आरपीएफ पोस्ट जसीडीह लाया गया।
इस संबंध में सीआईबी जसीडीह के एसआई मकरध्वज सिंह ने आरपीएफ पोस्ट जसीडीह में 11:20 बजे से 11:35 बजे तक लावारिस बरामदगी की जब्ती सूची तैयार की। आरपीएफ के अनुसार सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब एवं संबंधित दस्तावेजों को उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।



