Deoghar : साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 17 अक्टूबर 2026 को नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी, गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर तथा पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के आलोक में की गई छापेमारी में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम-पते
गिरफ्तार आरोपितों में बहारूद्दीन अंसारी, साकिन कपसा, थाना सारठ; परवेज अंसारी, बरमसिया, थाना चितरा; सहाबुद्दीन अंसारी, साकिन भिटरा, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा; चंदन दास; नंदन कुमार दास, डुमरिया; बिक्रम कुमार दास, सिमरातरी, थाना पथरड्डा ओपी (सारठ); कन्हैया कुमार दास; रंजन कुमार दास; तथा पंकज दास, केटकुली महरा, साकिन पनियारा, थाना पाथरौल, सभी जिला देवघर शामिल हैं।
एपीके फाइल भेजकर लेते थे मोबाइल का एक्सेस
पुलिस के अनुसार आरोपितों की अपराध शैली में एपीके फाइल के माध्यम से पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान आदि के नाम पर लोगों को फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेना और उसके बाद ठगी करना शामिल है। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लिया जाता था। एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद करने तथा आम सहायता के नाम पर कार्ड को दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी ठगी की जाती थी।
12 मोबाइल व 12 सिम बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 12 मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के बाद जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
दो आरोपित पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कन्हैया कुमार दास पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 56/25 में जेल जा चुका है। वहीं नंदन कुमार दास पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 83/23 में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में पुनि अजय कुमार, साइबर थाना देवघर; पुअनि दीपक कुमार साह, सारठ थाना प्रभारी एवं सारठ थाना की टीम; पुअनि प्रियरंजन कुमार, चितरा थाना प्रभारी एवं चितरा थाना की टीम शामिल थी।



