
Deoghar: बड़ी-बड़ी कंपनियों के स्टॉक में निवेश कर मोटी कमाई का लालच देकर लगभग 18 लाख रुपये ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। ठगी का शिकार बने मधुपुर उपकारा में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत नयन रूखरजाल ने मामले को लेकर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराया है।

उनका कहना है कि उन्हें नीतिन कामथ व उनकी सहायिका गीतिका आनंद ने ट्रेड एनालिसिस सर्विस ग्रुप से जोड़ दिया। इस दौरान दोनों ने बड़ी-बड़ी कंपनी के स्टॉक खरीद-बिक्री में उनकी सहायता करने की बता कही। ताकि वह अधिक से अधिक मुनाफा कमा सके। अधिक मुनाफे के नाम पर 22 लाख रुपये इंवेस्ट करने को कहा। झांसे में आकर करीब 18 लाख 26 हजार रूपये इनवेस्ट किया। इंवेस्ट की शुरूआत उसने सितंबर माह से ही करना शुरू किया।

उपरांत सर्विस चार्ज की मांग करने पर उन्होंने भुगतान करने में असमर्थता व्यक्त की तो उनलोगों ने मुनाफे से उनके सर्विस चार्ज की कटौती कर लिए जाने की बात कही। इसी दौरान गीतिका आनंद ने बताया कि वह उनके मामले को लेकर मदद करना चाहती है। इसके लिए चार लाख रुपये सर्विस चार्ज के रूप में जमा करना होगा। उनके जीरोधा कंपनी की पॉलिसी के बारे में बताया। इस पर उन्होंने कंपनी की पॉलिसी का पीडीएफ व एड्रेस भेजने को कहा लेकिन उनके द्वारा ना तो कंपनी का एड्रेस और पॉलिसी से संबंधित पीडीएफ भेजा गया।
वहीं बार-बार में अलग-अलग अकाउंट में पैसा जमा कराने की बात कही जा रही है। अलग-अलग अकाउंट में पैसे मांगे जाने पर उन्हें संदेह हुआ कि वो ठगी का शिकार हो गए हैं। इधर शिकायत लेकर साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।


