
Patna/Gopalganj: बिहार के गोपालगंज सदर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक और राज्य के पूर्व सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह का मंगलवार सुबह निधन (Bihar’s former cooperative minister Subhash Singh passes away) हो गया है। उन्हें किडनी में इन्फेक्शन के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। वे लंबे समय से बीमार थे। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुभाष सिंह सदर प्रखंड के ख्वाजेपुर गांव के रहने वाले थे। वह लगातार चार बार से गोपालगंज सदर विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व करते आ रहे थे। सुभाष सिंह भाजपा कोटे से एनडीए सरकार में सहकारिता मंत्री बने थे। मंत्री बनने के कुछ माह बाद ही उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई। उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। बाद में वे स्वास्थ्य होकर घर वापस लौट आए थे। लेकिन फिर किडनी ट्रांसप्लांट होने के बाद उनकी किडनी में इंफेक्शन हो गया था।

पूर्व मंत्री के रिश्तेदार पिंटू कुमार ने बताया कि दिल्ली एम्स में आज सुबह उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते गोपालगंज स्थित उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई । समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। परिजनों ने बताया कि आज देर शाम तक उनका शव दिल्ली से गोपालगंज लाया जा सकता है। पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुभाष सिंह प्रखर और मृदु स्वभाव के व्यक्ति थे। वे बिहार पीपुल्स पार्टी (बिपिपा) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।



