
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के बाइकपास रोड सलौनाटांड़ मोड़ के समीप शुक्रवार की देर रात को एक चारपहिया वाहन ने एक बाइक में धक्का मारकर फरार हो गया। घटना में बाइक सवार तीन छात्र बिहार के बांका जिले के सुइया निवासी अबिद अंसारी, गुलाम अंसारी व महताब अंसारी घायल हो गये।

घायल अबिद का दायां पैर पूरी तरह से कुचल गया है। वहीं उसके दोनों दोस्त गुलाम व महताब भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नगर थाने की पुलिस पहुंची और तीनों को उठाकर स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने आबिद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया।

उधर, घटनास्थल से पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक को नगर थाने ले गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायलों की बाइक में मुर्गा का मीट भरा प्लास्टिक टंगा था। इससे लगता है कि वे लोग मीट की खरीदकर बाजार से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी।। लोगों के मुताबिक तीनों यहां लॉज में रहकर पढ़ाई करते हैं। वे लोग 12 वीं के छात्र हैं।
उनलोगों का नामांकन अपने इलाके के कॉलेज में है और देवघर के लॉज में रहकर पढ़ाई करते हैं। इधर नगर पुलिस धक्का मारकर फरार हुए चार पहिया वाहन की तलाश में जुट गयी है।


