
अहमदाबाद: मंगलवार की रात ताउते के गुजर जाने के एक दिन बाद गुजरात के अहमदाबाद में एक पांच मंजिला इमारत जमींदोज हो गई। गनीमत रही कि समय रहते इस इमारत में रहने वाले लोगों को निकाल लिया गया था।

घटना अहमदाबाद के जमालपुर इलाके की है। चक्रवात ताउते की वजह से चलीं बेहद तेज हवाओं के चलते यह इमारत मंगलवार को ही हिलने लगी थी। तभी इस इमारत को खाली करवा दिया गया था। हादसे में अभी तक किसी के मरने या घायल होने की घबर नहीं मिली है।

बता दें कि गुजरात में चक्रवाती तूफान के कारण तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। हजारों की संख्या में बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए। कई घरों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान हुई घटनाओं में करीब 45 लोगों की मौत भी हुई है।
पीएम ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा, 1000 करोड़ की मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चक्रवात ‘ताउते’ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए बुधवार को गुजरात और केंद्र शासित क्षेत्र दीव के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद हुई एक समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने राहत संबंधी तत्काल गतिविधियों के लिए 1000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।


