
Deoghar Crime News : देवघर जिले के कुंडा थाना इलाके के सारवां रोड स्थित कुंडा मोड़ के पास बुधवार की रात करीब 8.30 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। मृतक का 21 वर्षीय दिनेश कुमार सिंह था। वह कुंडा थाना क्षेत्र के छिंट करनीबाग महालक्ष्मी नगर का रहने वाला था।

उसके शरीर में पांच गोली मारी गयी थी। तीन गोली उसके सिने और शरीर के अन्य भाग को छेदती हुई बाहर निकल गयी थी जबकि दो गोली उसके पेट में फंस गयी थी।

इसे लेकर मृतक के भाई रमेश कुमार सिंह ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। जिसमें शहीद आश्रम रोड निवासी राजा सिंह और करनीबाग निवासी राजा तुरी को आरोपी बनाया है। गुरूवार को कुंडा पुलिस द्वारा उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के उपरांत शव को लेकर परिजन सीधे घटनास्थल पहुंचे और सड़क पर शव को रखकर करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। परिजन हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

इस दौरान कुंडा मोड़ के पास वाहनों की कतार लग गयी। जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, नगर पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी और कुंडा पुलिस जाम स्थल पहुंची और परिजनों को समझा बुझा कर जाम स्थल से हटाया।
मृतक के पॉकेट से पुलिस ने किया पिस्टल गोली बरामद
मृतक दिनेश कुमार सिंह के पॉकेट से पुलिस ने एक अवैध लोडेड पिस्टल भी बरामद किया है। पिस्टल में चार गोली लोड था। सूत्रों ने बताया कि घायलावस्था में जब पुलिस मृतक को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंची तो उसके पॉकेट को जब चेक किया तो उसमें एक लोडेड पिस्टल मिला। बताया जाता है कि मृतक नगर थाना के एक मामले में पूर्व में भी जेल जा चुका है।
भाई ने कराया हत्या का मामला दर्ज
दिनेश कुमार सिंह हत्या मामले में उसके भाई रमेश कुमार सिंह रंगदारी की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। कहा है कि उसके भाई के साथ राजा सिंह और राजा तुरी का पूर्व से विवाद चल रहा था। इसे लेकर दोनों के द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दिया गया था। जिसकी शिकायत थाना में भी पूर्व में दिया गया था। कहा है कि भाई की तबियत खराब थी।
बीते बुधवार को 8 बजे रात को घर से दवाई लेने की बात कह कर कुंडा मोड़ स्थित एक क्लिनिक में गया था। जहां पहले से घात लगाकर बैठे राजा सिंह और राजा तुरी ने उस पर जान मारने की नियत से गोली मार दिया और उसके पॉकेट में पिस्टल रख कर दोनों भाग निकला।
जानकारी मिलते ही वे सभी घटनास्थल पहुंचे और आनन- फानन में उसे पुलिस की मदद से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया जहा इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। इधर मामला दर्ज कर कुंडा पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी करने में जुट गयी है।
10 वर्ष पूर्व मृतक की मां का बम मारकर की गयी थी हत्या
लगभग 10 वर्ष पूर्व जमीन विवाद को लेकर मृतक दिनेश सिंह के मां बदली देवी की हत्या बम मारकर कर दी गयी थी। बदली देवी की हत्या उसके दरवाजे पर ही 19 जून 2015 को कर दी गयी थी। इस लेकर भवेश सिंह ने कुंडा थाना में मामला दर्ज कराया था। जिसमें राजेश कुमार शदव, संतोष दास, भैरो सिंह, मनु राय, कन्हैया सहित अज्ञात को आरोपी बनाया था।


