
Deoghar: बाइक सवार तीन बदमाशों ने किराना दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बदमाशों ने उसके पेट में दो गोली मारा है। मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाराकोला गांव निवासी बबलू ठाकुर को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बताया जाता है कि वह अपने दुकान पर बैठा था। उसी दौरान शाम सात बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उसपर गोली चला दिया। गोली सीधे उसके पेट में लगी। गोली मारने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को थाने की गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया।

घायल के स्वजनों ने बताया कि पूर्व से गांव के ही एक व्यक्ति के साथ विवाद चल रहा था। मामले को लेकर थाना में एफआइआर भी दर्ज कराया गया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पूर्व में चली आ रही दुश्मनी की वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं पुलिस घायल से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


