
Deoghar: देवघर साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार जय कुमार रवानी एवं मुकेश यादव दोनों जिले के करौं थाना क्षेत्र के धनतरिया गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन व तीन सिम कार्ड बरामद किया है। एक मोबाइल नंबर साइबर अपराध से जुड़े प्रतिबिंब एप पर पहले से अपलोड है। उक्त फर्जी सिम व मोबाइल भी बरामद किया गया है।

साइबर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के करौं थाना क्षेत्र के करौं गांव के क्रेसर के पास छापेमारी कर पकड़ा है। छापेमारी दल में इंस्पेक्टर नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, एसआइ संदीप कुमार भगत, अजय कुमार व करौं थाना प्रभारी अमर कुमार शामिल थे।

ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पूछताछ के क्रम में इन साइबर ठगों ने बताया कि ये फर्जी एयरटेल बैंक अधिकारी बनकर फोन करते हैं। उसके बाद लोगों को उनका वालेट एयरटेल थैक्स एप और क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर मदद करने की बात करते हैं। कार्ड को चालू रखने के लिए मदद करने की बात कहते हैं। फिर लोगों से एनी डेस्क व अन्य स्क्रीन शेयरिंग एप डालनलोड कराकर ठगी का शिकार बनाते हैं।
वहीं वे लोग फोन पे और पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकरी बनकर लोगों को फोन करते हैं। उन्हें कैश बैक दिलाने व फोन पे पर इस इनाम को हासिल करने के लिए गिफ्ट कार्ड बनाने को कहते हैं। लोग जब इसके लिए उनसे मदद लेते हैं तो उन्हें झांसा में लेकर ओटीपी व अन्य जानकारी हासिल कर लोगों को ठगी का शिकार बना लेते हैं। पूछताछ करने के बाद दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।


