
Deoghar: सोमवार की सुबह सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर जिला वासियों को अच्छी खबर दी। अमृत भारत योजना के तहत जसीडीह स्टेशन का पुर्ननिर्माण लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत से होगा साथ ही सालों से लटका संथाली गाँव की तरफ़ खुलने वाला दूसरा रास्ता भी जल्द बनेगा। क्योंकि सारी राशि देने को अब रेलवे तैयार है।

एमपी निशिकांत दुबे ने कहा कि “आज एक बड़ी ख़ुशख़बरी ।प्रत्येक वर्ष लगभग 4 करोड़ यात्री देवघर बाबा बैद्यनाथ जी का दर्शन करने व आसपास के ज़िले में रहने वाले व्यक्ति जसीडीह स्टेशन का उपयोग करते हैं। भारत सरकार ने 5 वर्ष पहले संथाली गाँव की तरफ़ दूसरे आवागमन,यात्रियों की सुविधा खोलने के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये दिए थे,लेकिन राज्य सरकार एक एकड़ ज़मीन के बदले 57 करोड़ रुपये यानि मुम्बई,दिल्ली से भी ज़्यादा पैसे मॉंग रही है । अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी ने बिना सोच की ,राज्य सरकार को पैसे देने का फ़ैसला किया है। जसीडीह स्टेशन पर अब अमृत भारत स्टेशन पुनर्निर्माण के तहत लगभग 500 करोड़ खर्च होंगे तथा जसीडीह स्टेशन पर अब संथाली गाँव की तरफ़ दूसरा रास्ता भी बनेगा।”

गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क में रेलवे स्टेशनों को बेहतर बनाना और आधुनिक बनाना है। पुनर्विकसित स्टेशनों में आधुनिक यात्री सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिनमें उन्नत प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्मों पर बैठने के लिये व्यवस्थित जगह और मुफ्त वाई-फाई कनेक्टिविटी शामिल हैं।


