
Deoghar News : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के जीतमहला गांव में पुश्तैनी गली को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घायल गोवर्धन यादव ने बताया कि गांव की पुश्तैनी गली में उनके पाटीदार द्वारा जबरन बस-बल्ला गिराकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।

इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपित पक्ष ने कुल्हाड़ी एवं डंडे से हमला कर दिया। हमले में गोवर्धन यादव, उनकी पत्नी रीता देवी तथा दिव्यांग पुत्र विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि विकास यादव के गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह झगड़े को शांत कराया और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है।
इधर, घटना की सूचना रिखिया थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।


