
Deoghar News : देवघर जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र के बनमोरिया मौजा स्थित जमीन पर कब्जा और रंगदारी को लेकर गंभीर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में बिहार के बांका जिला अंतर्गत चान्दन थाना क्षेत्र के पटना गांव निवासी मुनिया देवी ने कुण्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है।

मामले मे कहा है कि उन्हें अपने नाना की संपत्ति में हिस्सा स्वरूप बनमोरिया मौजा में छह कट्ठा जमीन मिली है, जिसकी चारदीवारी कराकर लोहे का गेट, खिड़की तथा करीब तीन क्विंटल लोहे का छड़ रखा गया था।

आरोप है कि 14 जून को दिन के करीब 12:30 बजे प्रवीण यादव, संतोष राउत, विष्णु यादव, काजल महतो, कुलदेव यादव, उपेन्द्र यादव समेत 10-15 अज्ञात लोगों ने नाजायज मजमा बनाकर जमीन पर पहुंचकर चारदीवारी गिरा दी और वहां काम कर रहे मजदूरों व मिस्त्रियों को भगा दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि प्रवीण यादव और संतोष राउत पिस्तौल लहराते हुए गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे, जबकि अन्य लोगों के हाथ में लोहे का रॉड था। दर्ज मामले के अनुसार, काजल महतो ने उनके गले से करीब 10 भर वजन की चांदी की चेन छीन ली, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा आरोप है कि आरोपितों ने लोहे का गेट, खिड़की और लगभग तीन क्विंटल लोहे का छड़ तोड़कर अपने साथ ले गए। जाते समय सभी ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले को लेकर मुनिया देवी ने पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।


